खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए औचक छापेमारी का निर्देश, छोटे रेलवे स्टेशनों पर बढ़ेगी चेकिंग
सच खबर, मेदिनीनगर। उपायुक्त समीरा एस की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति (एनकोर्ड) की बैठक आयोजित हुई, जिसमें नशे के खिलाफ चल रही गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में एनकोर्ड से जुड़े पदाधिकारियों ने भाग लिया और विभिन्न एजेंडों पर चर्चा की।
बैठक में उपायुक्त ने फूड सेफ्टी ऑफिसर को निर्देश दिया कि समय-समय पर खाद्य पदार्थों में मादक पदार्थों की मिलावट की जांच के लिए औचक छापेमारी की जाए। मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री और नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने बैठक में कहा कि हाल के दिनों में छोटे रेलवे स्टेशनों के जरिए भी नशीले पदार्थों का परिवहन होने की सूचना मिली है। उन्होंने आरपीएफ के प्रतिनिधि को इन स्टेशनों पर सक्रियता के साथ चेकिंग बढ़ाने पर बल दिया।
बैठक में डीसी ने सीएस से डी-एडिक्शन सेंटर की अद्यतन स्थिति की जानकारी भी ली। इस मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी, तीनों एसडीओ, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, शिक्षा एवं कृषि विभाग के प्रतिनिधि समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




