उपायुक्त ने शराब दुकानों की नियमित जांच और गलत कार्यों में लिप्त दुकानों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
सच खबर, गढ़वा। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में उत्पाद विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष रूप से नई शराब नीति के तहत हो रही प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उत्पाद अधीक्षक निर्मल कुमार ने जानकारी दी कि गढ़वा जिले में कुल 18 श्रेणियों में से 06 श्रेणियों के लिए आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि शेष श्रेणियों के आवेदन प्रक्रिया में हैं। उन्होंने बताया कि 22 अगस्त 2025 को ऑनलाइन माध्यम से टोकन प्रक्रिया संपन्न होगी।
उपायुक्त श्री यादव ने जिले में संचालित शराब दुकानों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और तीनों अनुमंडल पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में शराब दुकानों की नियमित जांच करें। साथ ही, गलत कार्यों में लिप्त दुकानों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, अनुमंडल पदाधिकारी नगर ऊंटरी प्रभाकर मिर्धा, अनुमंडल पदाधिकारी रंका रुद्र प्रताप, उत्पाद अधीक्षक निर्मल कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन गढ़वा ने आमजन से अपील की है कि वे केवल निर्धारित दर पर ही शराब क्रय करें और किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें।



