सीपीआर एवं फर्स्ट एड प्रशिक्षण में रामगढ़ जिले ने पार किया 1 लाख का आंकड़ा

उपायुक्त ने जिलेवासियों से निकटतम प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर प्रशिक्षण लेने की अपील की

सच खबर, रामगढ़। उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर रामगढ़ जिले में आकस्मिक स्वास्थ्य परिस्थितियों में सीपीआर एवं फर्स्ट एड देने हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 1 लाख लोगों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जिले में कुल 2 लाख लोगों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित है।

पूर्व में जिला स्तर पर 3229 मास्टर ट्रेनर तैयार किए गए थे, जो विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं। मंगलवार को जिले के विभिन्न कारखानों, खदानों और ग्रामीण क्षेत्रों में अनुभवी चिकित्सकों एवं मास्टर ट्रेनरों ने कर्मियों, ग्रामीणों और आम जनों को सीपीआर एवं फर्स्ट एड के महत्व और तरीकों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान लोगों को प्रैक्टिकल कराकर कार्डियक अरेस्ट, चोकिंग, ब्लीडिंग, बर्न, फ्रैक्चर, वज्रपात, डूबना, शॉक, सांप के काटने और दुर्घटनाओं जैसी आपात परिस्थितियों में तुरंत कार्रवाई करने के तरीके सिखाए गए।

गौरतलब है कि अगले एक माह में अभियान मोड में जिले के पंचायतों, विद्यालयों, कारखानों और खदानों में व्यापक स्तर पर यह प्रशिक्षण दिया जाएगा। उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर सीपीआर एवं फर्स्ट एड से संबंधित प्रशिक्षण अवश्य प्राप्त करें, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में समय पर मदद दी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *