बिना हेलमेट, लाइसेंस व नो पार्किंग में खड़ी बसों पर कार्रवाई
सच खबर, मेदिनीनगर। सादिक चौक पर यातायात पुलिस और जिला परिवहन विभाग की संयुक्त जांच में नियम तोड़ने वाले दोपहिया, चारपहिया और बस चालकों पर कड़ी कार्रवाई की गई। जांच के दौरान कई दोपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस और ट्रिपल लोड सवारी ले जाते पाए गए।
कार्रवाई में 12 दोपहिया वाहन जब्त कर शहर थाना परिसर में सुरक्षित रखे गए और चालान फाइन हेतु जिला परिवहन कार्यालय, पलामू भेजे गए। इसके अलावा जज कॉलोनी के पास नो पार्किंग में खड़ी 3 बसों का ऑनलाइन चालान किया गया।
12 अगस्त 2025 को परिवहन कार्यालय से प्राप्त चालान विवरण के अनुसार:
- 09 दोपहिया वाहनों पर ₹18,150 का जुर्माना
- 01 मालवाहक पिकअप चालक पर शराब पीकर गाड़ी चलाने पर ₹24,408 का जुर्माना
कुल ₹42,558 का चालान फाइन लगाया गया।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट पहनें और नो पार्किंग में वाहन न लगाएं।











