मासूम आर्ट ग्रुप व सुनेय फाउंडेशन ने इमामुद्दीन को श्रेष्ठ महावत सम्मान 2025 दिया
सच खबर — मेदिनीनगर। विश्व हाथी दिवस पर पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) प्रबंधन ने महावतों को सम्मानित किया। इस दौरान मासूम आर्ट ग्रुप और दिल्ली स्थित सुनेय फाउंडेशन ने पीटीआर के पूर्व निदेशक पद्मश्री पीके सेन की स्मृति में पलामू के वरिष्ठ महावत इमामुद्दीन को श्रेष्ठ महावत सम्मान 2025 प्रदान किया। उन्हें ₹10,000 नकद, अंगवस्त्र और उपहार दिए गए।
कुटमू स्थित आदिम जनजाति विद्यालय में छात्राओं को हाथियों के महत्व और संरक्षण पर जानकारी दी गई। पीटीआर के उत्तरी प्रमंडल के उप निदेशक प्रजेश कांत जेना ने कहा कि हाथी पीटीआर के जंगल की आत्मा हैं और उनके बिना जंगल अधूरा है। उन्होंने बताया कि मानव-हाथी संघर्ष को शून्य करने की तैयारी चल रही है और बच्चों को जागरूक करना सबसे अहम है।
मासूम आर्ट ग्रुप के सचिव सैकत चटर्जी ने कहा कि इमामुद्दीन महज महावत नहीं, बल्कि बेतला के वन्य जीवन और जंगल के चलते-फिरते इनसाइक्लोपीडिया हैं। उनके सम्मान में सुनेय फाउंडेशन की रिचा सेन की अहम भूमिका रही।
इस मौके पर कार्यरत महावत रघुनाथ परहिया, रामप्रसाद सिंह, जोहा मियां, सतेंद्र सिंह, नीरेंद्र भुइया और संजय यादव को भी सम्मानित किया गया। बेतला के पालतू हाथी जूही, मुर्गेश, सीता और राखी को फल खिलाए गए। कार्यक्रम का संचालन वनकर्मी निरंजन कुमार ने किया, जबकि संतोष कुमार सिंह, देवपाल भगत, धीरज कुमार, सुभाष कुमार, प्रवीण कुमार और गुलशन सुरीन की सक्रिय भूमिका रही।



