जापान से छतरपुर तक फैला अभियान, 22 लाख से अधिक वृक्षों पर बंधी वनराखी
छतरपुर, पलामू (झारखंड) – ग्राम पंचायत डाली बाजार स्थित कौशल नगर मोहनलाल खुर्जा पार्वती देवी पार्क जैविक उद्यान एवं कौशल नगर बाजार प्रांगण में सोमवार को वनराखी मूवमेंट के 49वें वर्ष पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय गान, पर्यावरण धर्म की प्रार्थना और कन्या पूजन के साथ हुआ।
पर्यावरणविद व वनराखी मूवमेंट के प्रणेता, ट्री मैन डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने वृक्षों पर रक्षाबंधन कर अभियान की शुरुआत की और ग्रामीणों को अंग वस्त्र व पौधे दान किए। उन्होंने कहा कि वनों की सुरक्षा केवल लाठी से नहीं, बल्कि “वनराखी” से होगी।
डॉ. कौशल ने बताया कि यह आंदोलन 1967 में उनके पैतृक गांव डाली से शुरू हुआ था। 1977 में इसे “वनराखी मूवमेंट” का स्वरूप मिला, जिसमें वन वृक्षों को भाई की तरह मानकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया जाता है। अब तक देश के 26 राज्यों और 164 जिलों के अलावा नेपाल, भूटान, बर्मा, सिंगापुर, मलेशिया, अज़रबैजान, थाईलैंड और इंडोनेशिया में 22 लाख से अधिक वन वृक्षों पर रक्षाबंधन किया जा चुका है।
इस वर्ष 2 अगस्त को इसका उद्घाटन जापान के टोक्यो में किया गया था। छतरपुर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व उपमुखिया अफजाल अंसारी ने की और संचालन जुबेर अंसारी ने किया। मौके पर बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी, ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं।





