सरकारी कार्यालयों, JSLPS क्लस्टरों और ग्राम संगठनों में शत-शत नमन, ग्रामीण महिलाओं ने अर्पित किए पुष्प-सुमन
सच खबर, राँची। 16 अगस्त 2025 को राँची जिले ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया। जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के 64 क्लस्टरों और ग्राम संगठनों में सैकड़ों स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं ने अश्रुपूरित नेत्रों से उन्हें पुष्प-सुमन अर्पित किया।
श्रद्धांजलि सभा में शामिल महिलाओं ने कहा कि शिबू सोरेन केवल राजनेता नहीं, बल्कि गरीब, वंचित और आदिवासी समाज की आवाज थे। उनका जीवन सामाजिक न्याय, जल-जंगल-जमीन के संरक्षण और ग्रामीण उत्थान के लिए समर्पित रहा। दीदियों ने भावुक स्वर में कहा, “उनका संघर्ष और त्याग हम सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने झारखंड के गठन के लिए अपना जीवन समर्पित किया और हर वर्ग के हक की लड़ाई लड़ी।”
ग्रामीण स्तर पर आयोजित सभाओं में उपस्थित लोगों ने उनके संदेश और आदर्शों को याद किया। उन्होंने यह संकल्प लिया कि शिबू सोरेन के दिखाए मार्ग पर चलकर झारखंड के विकास और समाज की भलाई में योगदान देंगे।
JSLPS ने इन श्रद्धांजलि सभाओं के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों ने कहा कि शिबू सोरेन का संघर्ष और विचार आज भी झारखंड के लोगों को प्रेरित करते रहेंगे और उनकी स्मृति में आयोजित ये कार्यक्रम उनके सपनों को साकार करने की प्रेरणा देंगे।







