विश्व हिंदू परिषद का 61वाँ स्थापना दिवस रामरेखा धाम में संपन्न

पूजन और पाठ से किया कार्यक्रम का शुभारंभ, पखवाड़ा की शुरुआत

सच खबर, सिमडेगा। विश्व हिंदू परिषद (VHP) के 61वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को रामरेखा धाम परिसर में विधिवत पूजन-पाठ के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर स्थापना दिवस पखवाड़ा की शुरुआत भी हुई।

कार्यक्रम की अगुवाई जिला अध्यक्ष कौशल राज सिंह देव ने की। पूजन के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, राधा-कृष्ण और भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा तथा भाई बलभद्र के विग्रहों की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पूरे वातावरण में वैदिक मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन की गूंज ने दिव्य और आध्यात्मिक माहौल बना दिया।

जिला अध्यक्ष कौशल राज सिंह देव ने कहा कि आज का दिन हिंदू समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद की स्थापना, उद्देश्य और संगठन के द्वारा किए जा रहे सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे धर्म, संस्कृति और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएँ।

स्थापना दिवस पखवाड़ा के अंतर्गत पूरे जिले के प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग तक संगठन का संदेश पहुँचे।

मौके पर जिला मंत्री कृष्णा शर्मा, कोषाध्यक्ष मुरारी प्रसाद, प्रशन्न कुमार सिन्हा, भुनेश्वर सेनापति, संत प्रसाद सिंह, नारायण दास, विद्या बंधु शास्त्री सहित अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता और सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *