रामगढ़ में जिलेभर में आयोजित श्रद्धांजलि सभाओं में दीदियों ने पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित कर दो मिनट का मौन रखा
सच खबर रामगढ़, 16 अगस्त 2025। झारखंड आंदोलन के महानायक और पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पावन स्मृति में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) DMMU रामगढ़ के तत्वावधान में पूरे जिले में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर DMMU रामगढ़ के साथ 21 संकुल संगठनों एवं जिले के सभी ग्राम संगठनों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। लगभग 16,000 से अधिक दीदियों ने सामूहिक रूप से पुष्प अर्पित किए, दीप प्रज्वलित किए और दो मिनट का मौन रखकर स्व. शिबू सोरेन को श्रद्धासुमन अर्पित किया।
श्रद्धांजलि सभाओं में दीदियों ने कहा कि स्व. शिबू सोरेन केवल राजनेता ही नहीं थे, बल्कि झारखंड की आत्मा और असली पहचान थे। वे गरीब, वंचित, दलित और आदिवासी समाज की आवाज़ बने रहे। उनका जीवन संघर्ष, त्याग और जल-जंगल-जमीन की रक्षा को समर्पित रहा।
महिलाओं ने भावुक होकर कहा कि उनके विचार आज भी समाज के हर वर्ग को प्रेरणा देते हैं। उन्होंने संकल्प लिया कि दिशोम गुरु के दिखाए मार्ग पर चलते हुए गरीबों और वंचितों की भलाई, महिलाओं के सशक्तिकरण और ग्रामीण समाज की उन्नति के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प और नारों के साथ हुआ—
✊ “दिशोम गुरु अमर रहें”
✊ “झारखंड की आत्मा अमर रहे”
✊ “जल-जंगल-जमीन की रक्षा करेंगे”





