दो तस्कर गिरफ्तार, 60 किलो गांजा बरामद

कोलेबिरा में नशे और अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

सच खबर, सिमडेगा: उपायुक्त सिमडेगा श्रीमती कंचन सिंह के सख्त निर्देश पर जिला प्रशासन ने अवैध कारोबार और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में कोलेबिरा प्रखंड क्षेत्र में अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभात रंजन ज्ञानी के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई की गई।

सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में दो तस्करों को पकड़ लिया गया। उनके वाहन (JH01CU 5526) की तलाशी के दौरान लगभग 60 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। तस्करों से पूछताछ जारी है ताकि उनके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों का पता लगाया जा सके। इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।

इसी दौरान प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ भी कड़ा कदम उठाया। छापेमारी के दौरान एक ट्रैक्टर को अवैध रूप से बालू लादते हुए पकड़ा गया और उसे जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। अधिकारियों ने साफ किया कि जिले में बालू माफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ड्रग्स तस्करी और अवैध खनन समाज, पर्यावरण और युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा हैं। ऐसे मामलों में प्रशासन सतर्क है और लगातार कठोर कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *