श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम, हर तरफ बही भक्ति रस की धारा

महावीर मंदिर में भव्य भजन संध्या और रात्री महाआरती का आयोजन

सच खबर, सिमडेगा: जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव शनिवार को पूरे रंग-रूप और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से शहर के सभी मंदिर और पूजा स्थल गूंज उठे।

शहर के हृदयस्थली महावीर चौक स्थित महावीर मंदिर परिसर में इस अवसर पर भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसे महावीर कीर्तन मंडली ने प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि के रूप में हेडक्वार्टर डीएसपी रणवीर सिंह उपस्थित थे, जिन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

भजन संध्या की शुरुआत व्यास बाबू सिंह द्वारा गणेश वंदना के साथ हुई। महावीर कीर्तन मंडली के अध्यक्ष डीडी सिंह और रामनवमी प्रबंधक समिति के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। डीएसपी रणवीर सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही।

कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न जिलों से आए गायकों ने आकर्षक भजन प्रस्तुत किए। महावीर मंदिर में श्रीकृष्ण की पालकी को सुंदर फूलों से सजाकर पूजन किया गया। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर महाआरती का आयोजन हुआ, और भक्तों ने “नंद के आनंद भयो, जय हो नंदलाल की” के जयकारे लगाए।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में हरि सिंह, मुकेश कुमार बरणवाल, हरिश्चंद्र गुप्ता, अनिरुद्ध सिंह, शैलेश कुमार, अजय महतो, गुड्डू ठाकुर सहित अनेक लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *