नेमरा पहुंचे अविनाश देव, दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि

झारखंड आंदोलन के प्रणेता को भावभीनी नमन, गुरुजी के योगदान को याद किया गया

सच खबर, नेमरा: झारखंड सरकार के माटी कला बोर्ड के निवर्तमान सदस्य और युवा झामुमो नेता अविनाश देव ने झारखंड आंदोलन के प्रणेता एवं राज्य निर्माता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा में आयोजित श्राद्धकर्म कार्यक्रम में भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

अविनाश देव ने गुरुजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और उनके राज्य व समाज के प्रति योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि गुरुजी का संपूर्ण जीवन झारखंड की अस्मिता, संस्कृति और आदिवासी समाज की आवाज़ को मजबूत करने में समर्पित रहा। उनका जाना राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है।

श्रद्धांजलि सभा में अविनाश देव ने झामुमो सुप्रीमो एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर दुःख साझा किया। साथ ही, गुरुजी की बहू और गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन से भी भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

विशेष रूप से अविनाश देव ने श्राद्धकर्म में आए अतिथियों को स्वयं हाथों से भोजन परोसकर सेवा भाव का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि यह उनका कर्तव्य है कि गुरुजी की आत्मा की तृप्ति के लिए श्रद्धालुओं का सम्मानपूर्वक सत्कार किया जाए।

मरांग बुरु से प्रार्थना करते हुए अविनाश देव ने कहा कि ईश्वर दिशोम गुरुजी को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और झारखंड के आकाश पर उनकी छत्रछाया सदैव बनी रहे। उन्होंने अंत में कहा कि गुरुजी हमारे लिए पथप्रदर्शक और प्रेरणा स्रोत रहेंगे। उनका जीवन आंदोलन, संघर्ष और सेवा का आदर्श है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *