गैंगस्टर डब्लू सिंह ने किया आत्मसमर्पण

झारखंड में संगठित आपराधिक गिरोह से सरेंडर करने वाला पहला सरगना

सच खबर, पलामू: कुख्यात आपराधिक गिरोह का सरगना गौतम कुमार सिंह उर्फ डब्लू सिंह ने पलामू पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। यह झारखंड में पहला ऐसा मामला है, जब किसी संगठित अपराधी ने अपने हथियार पुलिस के सामने जमा कर मुख्यधारा में शामिल होने का निर्णय लिया।

पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि डब्लू सिंह रविवार रात 10:30 बजे मेदिनीनगर टाउन थाना पहुंचे और आत्मसमर्पण किया। इस प्रक्रिया में मेदिनीनगर के पूर्व थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आत्मसमर्पण के बाद डब्लू सिंह ने कहा कि वह अब एक सामान्य जीवन जीना चाहता है और मुख्यधारा से भटक चुके लोगों से अपराध का रास्ता छोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार और पुलिस की नीतियों से प्रेरित होकर उन्होंने यह कदम उठाया।

गौतम कुमार सिंह उर्फ डब्लू सिंह मूल रूप से लेस्लीगंज थाना क्षेत्र, फुलांग के रहने वाले हैं। 2006-07 से अपराध की दुनिया में सक्रिय, उनका नेटवर्क पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, रांची और जमशेदपुर तक फैला हुआ था। उनके खिलाफ पलामू पुलिस में 37 मामले दर्ज हैं, जिनमें कई संगीन मामले शामिल हैं।

डब्लू सिंह पर 40 हजार रुपए का इनाम घोषित था, जबकि झारखंड पुलिस ने उनके लिए पांच लाख रुपए का इनाम प्रस्तावित किया था। 2016 में पलामू कोर्ट ने उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, बाद में जमानत पर वे बाहर आए और फरार हो गए।

विशेष रूप से, 3 जून 2020 को मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र में गैंगस्टर कुणाल सिंह की हत्या के मामले में डब्लू सिंह गिरोह पर आरोप लगा था। अब मुख्यधारा में लौटकर डब्लू सिंह ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया, जिसे पलामू पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *