पुलिस को जिले की पल-पल की जानकारी, अपराध और नक्सलवाद से निपटने में मिलेगी मदद
सच खबर, पलामू: जिले में अपराध और नक्सलवाद पर कड़ी नजर रखने के लिए पलामू पुलिस ने हाईटेक कंट्रोल रूम स्थापित किया है। यह कंट्रोल रूम पलामू एसपी कार्यालय के ऊपरी तल पर बनाया गया है, जहाँ विशेष रूप से प्रशिक्षित जवान और अधिकारी तैनात किए गए हैं।
एसपी रीष्मा रमेशन खुद इस हाईटेक कंट्रोल रूम की मॉनिटरिंग कर रही हैं। मेदिनीनगर पलामू प्रमंडल का सबसे बड़ा शहरी क्षेत्र है, जिसकी आबादी करीब ढाई लाख है। पूरे इलाके में 130 से अधिक हाई रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनका नियंत्रण और मॉनिटरिंग इसी कंट्रोल रूम से किया जाएगा।
इस हाईटेक कंट्रोल रूम में इंटर स्टेट और इंटर डिस्ट्रिक्ट बॉर्डर पर लगे कैमरों की निगरानी भी की जाएगी। एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि पहले से एक कंट्रोल रूम था, लेकिन अब इसे अपग्रेड कर सिंगल स्क्रीन पर जिले की पूरी मॉनिटरिंग संभव हो गई है। कंट्रोल रूम में इंडिविजुअल सिस्टम, 112 और यूनिफाइड सिस्टम भी मौजूद हैं, जिससे पुलिस कर्मियों की तैनाती और अपराध पर तेजी से नियंत्रण सुनिश्चित होगा।
यह कंट्रोल रूम जिले में अपराध पर कड़ी नजर रखने और शहरी सुरक्षा को मजबूत बनाने में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
