गुणवत्तायुक्त कार्य एवं समय पर योजनाओं की पूर्णता सुनिश्चित करने का निर्देश
सच खबर, लातेहार: आज दिनांक 18.08.2025 को उपायुक्त श्री उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में नीति आयोग अंतर्गत आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम तथा डीएमएफटी की राशि से संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सर्वप्रथम आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के सूचकांकों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसमें स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि-जल संसाधन तथा कौशल विकास जैसे प्रक्षेत्रों में जिला एवं प्रखंड स्तर पर हुए कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि नीति आयोग द्वारा निर्धारित मानकों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
डीएमएफटी प्रभारी पदाधिकारी श्री समीर कुल्लू ने उपायुक्त को जिले में संचालित योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय स्थिति की विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त ने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सभी योजनाओं में गुणवत्तायुक्त कार्य सुनिश्चित किया जाए तथा प्राथमिकता के आधार पर तय समय-सीमा के भीतर उन्हें पूर्ण किया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सैय्यद रियाज अहमद, सिविल सर्जन डॉ. राज मोहन खलखो, डीएमएफटी प्रभारी पदाधिकारी श्री समीर कुल्लू, संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
