08 प्रक्षेत्रों की 192 प्रतिभागी टीमें ले रही हैं हिस्सा, प्रतियोगिता का समापन 21 अगस्त को
सच खबर, रांची, जवाहर नवोदय विद्यालय, मेसरा, रांची में आज 33वें नेशनल आर्चरी मीट-2025 का भव्य आयोजन हुआ। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए और दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में उपायुक्त श्री भजन्त्री ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग है, जिससे अनुशासन, टीम भावना, एकाग्रता और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने कहा कि “तीरंदाजी जैसी पारंपरिक और गौरवशाली खेल विधा भारत की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा है।” उन्होंने प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना और भागीदारी है।
नवोदय विद्यालय समिति, पटना द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के 08 प्रक्षेत्रों—भोपाल, चंडीगढ़, हैदराबाद, जयपुर, लखनऊ, पुणे, शिलांग और पटना—की टीमें हिस्सा ले रही हैं। ब्वॉयज और गर्ल्स कैटेगरी मिलाकर कुल 192 प्रतिभागी इसमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन 21 अगस्त को होगा।





