उपायुक्त ने कहा – प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ जल और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता
सच खबर, गढ़वा: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला जल एवं स्वच्छता समिति (DWSC) श्री दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन (JJM) एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
उपायुक्त ने ठेकेदारों से क्रमवार वास्तविक प्रगति की जानकारी ली और धीमी या अधूरी परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरे नहीं करने वाली एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में SVS क्लस्टर स्कीम, OWF Plus Model Village योजना, गोवर्धन योजना तथा Plastic Waste Management Village की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, शौचालय उपयोग, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने जलसहिया दीदियों से परिचय प्राप्त किया और उनके अनुभव एवं सुझाव सुने। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्यान्वयन के दौरान आने वाली चुनौतियों का समाधान जिला प्रशासन शीघ्र करेगा।
उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों एवं एजेंसियों को निर्देश दिया कि योजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करें, ताकि प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ जल और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री पशुपतिनाथ मिश्रा, कनीय अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल अजय कुमार सिंह, कनीय अभियंता ग्रामीण कार्य विभाग धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य विभागीय कर्मी उपस्थित रहे।





