उपायुक्त समीरा एस ने तकनीकी विभागों की बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

शिलान्यास लंबित योजनाओं को त्वरित गति से शुरू करने एवं समय सीमा में पूरा करने का निर्देश

सच खबर, मेदिनीनगर: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी समीरा एस की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंताओं संग बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं, परियोजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पाया कि कई योजनाओं पर शिलान्यास की प्रतीक्षा में कार्य शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित जनप्रतिनिधियों से बेहतर समन्वय स्थापित कर ऐसे योजनाओं का शीघ्र शिलान्यास कर कार्य प्रारंभ कराने पर बल दिया

डीसी ने कहा कि अनाबद्ध एवं डीएमएफटी मद से क्रियान्वित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा में पूरा करना अनिवार्य है। निविदा पूर्ण होने के बाद भी कार्य लंबित रहने वाली योजनाओं पर नाराज़गी जताते हुए उन्होंने संवेदकों और पदाधिकारियों को बेहतर तालमेल बनाकर अनावश्यक देरी रोकने का निर्देश दिया।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन योजनाओं की जमीन उपलब्ध नहीं है और वे महीनों से लंबित हैं, उनके मामलों को अगली जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में रखा जाएगा। साथ ही पदाधिकारियों को पुरानी और पूर्ण हो चुकी योजनाओं को सूची से बाहर करने का आदेश दिया गया।

बैठक में बिजली विभाग, पथ निर्माण विभाग, भवन निर्माण विभाग, जल संसाधन, लघु सिंचाई प्रमंडल, राष्ट्रीय उच्च पथ सहित विभिन्न तकनीकी विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, भूमि सुधार उप समाहर्ता प्यारेलाल समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *