मिलेट मिशन के तहत किसानों को प्रति एकड़ 3000 रुपये सहायता, 30 अगस्त तक करें निबंधन

जिला कृषि पदाधिकारी माधुरी टोप्पो ने कमलापानी में की मडुवा रोपनी, किसानों को प्रोत्साहित कर योजना से जुड़ने की अपील

सच खबर, सिमडेगा: झारखंड सरकार ने राज्य में मोटे अनाज (मिलेट्स) के उत्पादन व उत्पादकता बढ़ाने के उद्देश्य से झारखंड राज्य मिलेट मिशन योजना लागू की है। इस योजना के तहत मडुवा, ज्वार, बाजरा, कंगनी, सांवला, कोदो, चेना, कुटकी, कुट्टू और चोलाई जैसी फसलें उगाने वाले किसानों को प्रति एकड़ 3000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। यह लाभ न्यूनतम 10 डिसमिल से लेकर अधिकतम 5 एकड़ तक की खेती पर मिलेगा।

इसी क्रम में 19 अगस्त 2025 को जिला कृषि पदाधिकारी सिमडेगा, श्रीमती माधुरी टोप्पो ने कोलेबिरा प्रखंड के कमलापानी गांव का दौरा किया। दौरे के दौरान उन्होंने मडुवा की रोपनी कर रही ग्रामीण महिलाओं के साथ स्वयं भी रोपनी में भाग लिया और किसानों का उत्साह बढ़ाया।

मौके पर उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि योजना का लाभ उठाने के लिए सभी किसान 30 अगस्त 2025 से पूर्व अपने नजदीकी प्रज्ञा केंद्र पर निबंधन कराएं।

निबंधन के लिए किसानों को आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, बैंक पासबुक, भूमि विवरणी और वंशावली की प्रतियां साथ लानी होंगी।

उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में योजना से जुड़कर मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने और पोषण सुरक्षा व आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *