उपायुक्त ने किया जनता दरबार आयोजन, आमजनों की समस्याएं सुनते हुए दिए आवश्यक निर्देश

राशन वितरण, शिक्षा, भूमि विवाद और योजनाओं से जुड़ी शिकायतें हुईं दर्ज, कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई

सच खबर, गढ़वा। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में आज जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए आम नागरिकों ने अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा।

जनता की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उपायुक्त श्री यादव ने मौके पर ही संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवेदनों की प्रति अग्रसारित कर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कई मामलों में वहीं पर समाधान की दिशा में आवश्यक कदम भी उठाए गए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़ी शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित किया जाता है।

आज के जनता दरबार में—

  • नगर ऊंटारी प्रखंड के पीपरडीह, सरहसताल एवं बारोडीह गांव के ग्रामीणों ने आवेदन देकर राशन वितरण पुनः पूर्ववत् दुकानदार रविंद्र प्रताप देव के पास से कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले सात माह से नए दुकानदार द्वारा राशन वितरण नहीं किया जा रहा है।
  • रंका प्रखंड के मझिगावां गांव की सीमा देवी ने विद्यालय प्रधानाध्यापक एवं अध्यक्ष पर मनमानी और जातीय भेदभाव का आरोप लगाते हुए संयोजिका पद से हटाने की शिकायत दर्ज कराई।
  • केतार प्रखंड के परसोडीह निवासी रविंद्र राम ने गांव के कुछ दबंग व्यक्तियों पर उनकी निजी भूमि पर कब्जा करने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
  • नगर ऊंटारी प्रखंड के अरविंद कुमार ने अपनी दो पुत्रियों को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ न मिलने की शिकायत दर्ज कराई।

उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *