जिला आपूर्ति कार्यालय खूँटी द्वारा नुक्कड़ नाटक से आमजन हो रहे जागरूक

पीडीएस एवं खाद्य सुरक्षा योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में पहुँचा रही टीम

सच खबर, खूँटी। खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग, झारखंड सरकार एवं उपायुक्त श्रीमती आर. रॉनिटा के निर्देश पर जिला आपूर्ति कार्यालय, खूँटी द्वारा विभिन्न प्रखंडों के सुदूरवर्ती एवं पहाड़ी–दुर्गम क्षेत्रों, आदिम जनजाति समुदाय के निवास स्थानों तथा हाट–बाजार, सरकारी स्थल एवं चौक–चौराहों पर नुक्कड़ नाटक टीम के माध्यम से आमजनों को जागरूक किया जा रहा है।

इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्राथमिकता गृहस्थी योजना, अन्त्योदय अन्न योजना और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के पात्र लाभुक नियमित रूप से जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकानों से अपना निर्धारित राशन (चावल, गेहूं, नमक, चीनी, चना दाल एवं धोती/साड़ी/लूंगी) समय पर प्राप्त करें।

नुक्कड़ नाटक के जरिए सरल और स्थानीय भाषा में योजनाओं की जानकारी मनोरंजक ढंग से दी जा रही है, ताकि लोग अपने अधिकारों के प्रति सजग हों और समय पर खाद्यान्न का उठाव कर सकें। साथ ही, सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्ध कराए जा रहे लाभों से भी आमजन को अवगत कराया जा रहा है।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी, खूँटी ने बताया कि ऐसी जागरूकता गतिविधियों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लाभुकों की भागीदारी बढ़ेगी और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *