डॉ. कौशल रांची में और मुखिया पूनम जायसवाल छतरपुर में हुए सम्मानित

एक ही दिन पति-पत्नी को अलग-अलग अवार्ड मिलना पलामू के लिए गर्व की बात : डॉ. कौशल, मुखिया पूनम, पार्षद अमित

सच खबर, छतरपुर/पलामू/झारखंड। गुरुवार का दिन पलामू के लिए गौरव का क्षण रहा, जब पर्यावरणविद् ट्री मैन डॉ. कौशल किशोर जायसवाल को रांची में सम्मानित किया गया और उनकी धर्मपत्नी, डाली पंचायत की मुखिया पूनम जायसवाल को छतरपुर में पंचायती राज विभाग की ओर से ‘सर्वश्रेष्ठ विकसित पंचायत’ का अवार्ड प्रदान किया गया। पति-पत्नी को एक ही दिन दो अलग-अलग मंचों पर सम्मान मिलने से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

मुखिया पूनम जायसवाल ने बताया कि यह उनके जीवन का 10वां पुरस्कार है, जिसमें पांच अंतरराष्ट्रीय सम्मान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से अब तक 8 पंचायत चुनाव में उनके परिवार को 6 बार जनता ने नेतृत्व का अवसर दिया है। 2010 से लगातार डाली पंचायत का नेतृत्व उनके ही परिवार द्वारा किया जा रहा है।

डॉ. कौशल किशोर जायसवाल, मुखिया पूनम और जिला पार्षद अमित कुमार जायसवाल के संयुक्त प्रयासों से डाली पंचायत झारखंड के आदर्श पंचायतों में शुमार हुआ है। सरकारी योजनाओं से विद्युतीकरण, पुलिया, अस्पताल, हाई स्कूल, पुस्तकालय, सामुदायिक भवन, बाजार शेड, चबूतरा, आंगनबाड़ी केंद्र, पानी टंकी, चापाकल व सड़क निर्माण जैसे कई कार्य हुए हैं। वहीं पंचायत सचिवालय में लोक अदालत जैसी पहल से सैकड़ों विवादों का निपटारा आपसी समन्वय से कराया गया है।

निजी खर्च से भी किए कई विकास कार्य

डॉ. कौशल, अमित जायसवाल और उनके परिवार ने निजी स्तर पर भी डाली पंचायत के विकास में करोड़ों रुपए खर्च किए हैं। 1995 से अब तक लगभग 18 किलोमीटर सड़क निर्माण, ढोलही में रपटा पुल, खेल मैदान के लिए भूमि खरीद, 18 चापाकल, कौशल नगर में 10 लाख की लागत से 200×200 फीट का तालाब, बाजार और पार्क का निर्माण तथा पर्यावरण धर्म ज्ञान मंदिर की स्थापना कराई गई है।

इसके अलावा गरीब कन्याओं की शादी, जरूरतमंदों को सहयोग, ठंड में कंबल, बारिश में पौधे और छठ पूजा में सामग्री वितरण जैसी सामाजिक सेवाएं लगातार की जाती रही हैं।

कार्यक्रम में पंचायत सचिव सूरज देव विश्वकर्मा, उपमुखिया नगीना खातून, पूर्व उपमुखिया अफजाल अंसारी, बाबूराम, अवधेश राम, शिवनाथ राम, अरविंद यादव, सुनील यादव, उमेश यादव, समीर सिंह और संतोष कुमार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *