जन शिकायत निवारण में उपायुक्त ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएँ

समाधान के लिए अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश, कुल 8 आवेदन हुए दर्ज

सच खबर, लातेहार। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएँ उपायुक्त के समक्ष रखीं।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित ग्रामीणों से एक-एक कर शिकायतें सुनीं और आश्वासन दिया कि सभी मामलों की शीघ्र जाँच कराते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

लातेहार प्रखंड के ग्राम जालिम खुर्द निवासी सुनीता देवी ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि आवेदन स्वीकृत होने के बावजूद अब तक राशि प्राप्त नहीं हो सकी है। उपायुक्त ने आवेदन को संज्ञान में लेते हुए संबंधित पदाधिकारी को जाँच कर त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।

आज के जन शिकायत निवारण में कुल 08 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें रोजगार उपलब्ध कराने, मुआवजा राशि भुगतान एवं आंगनबाड़ी सेविका चयन से जुड़े मामले प्रमुख रहे। सभी आवेदनों को उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए भौतिक सत्यापन कर शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने बताया कि आमजनों की समस्याओं के समाधान के लिए जिले के सभी कार्यालयों में प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को जन शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *