सड़क किनारे झाड़ियों में मिला शव, पहचान नहीं हो पाई
सच खब, सतबरवा (पलामू), 22 अगस्त। पलामू जिला के सतबरवा प्रखंड क्षेत्र के बोहिता गांव के पास गुरुवार को एक युवक की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई। युवक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
ग्रामीणों ने बताया कि शव तीन मुहान के दाहिनी ओर लेस्लीगंज जाने वाली सड़क किनारे झाड़ियों में देखा गया। शव की हालत खराब थी और उसमें से दुर्गंध आने लगी थी, जिससे आशंका है कि हत्या 24 घंटे पहले की गई होगी।
सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना के एसआई सच्चिदानंद शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। घटनास्थल से पुलिस ने खून से सना पत्थर, एक चप्पल और गाना बजाने वाला मेमोरी कार्ड भी बरामद किया।
मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष आंकी गई है। उसने काले रंग का शर्ट और जींस पहन रखा था, जबकि गले में गमछा लटका हुआ मिला।
सबसे पहले शव को मवेशी चरा रहे चरवाहों ने देखा और ग्रामीणों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता लाल बिहारी प्रसाद, वकील सिंह समेत कई लोग भी पहुंचे।
पुलिस युवक की पहचान कराने और हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है।
