1752 आवेदकों ने लिया भाग, सरकार को 6.18 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त
सच खबर, राँची,। नई उत्पाद नियमावली (2025) के तहत राँची जिले की 150 खुदरा उत्पाद दुकानों की बंदोबस्ती प्रक्रिया शुक्रवार को ई-लॉटरी प्रणाली के माध्यम से सफलतापूर्वक संपन्न हुई। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह बंदोबस्त पदाधिकारी राँची, श्री मंजुनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में हुई इस प्रक्रिया में कुल 1752 आवेदकों ने भाग लिया।
बंदोबस्ती प्रक्रिया की शुरुआत उन तीन दुकानों से की गई, जिनके लिए सर्वाधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। इनकी लॉटरी का डेमो सभी आवेदकों की उपस्थिति में किया गया। इसके बाद शेष दुकानों की ई-लॉटरी पारदर्शी ढंग से संपन्न की गई। प्रत्येक दुकान के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेता घोषित किए गए। यदि प्रथम विजेता निर्धारित राशि जमा करने में असफल रहता है, तो अवसर क्रमशः द्वितीय और तृतीय विजेता को दिया जाएगा।
इस प्रक्रिया में दुकानों को 87 ग्रुपों में विभक्त किया गया था। सरकार को आवेदन शुल्क के रूप में कुल 6,18,86,280 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए राँची जिले में 736 करोड़ रुपये का न्यूनतम गारंटी राजस्व (MGR) लक्ष्य निर्धारित है। इनमें से 01 सितंबर 2025 से 31 मार्च 2026 तक की अवधि में 449 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद जताई गई है।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, श्री रामनारायण सिंह, सहायक उत्पाद आयुक्त, श्री अरुण कुमार मिश्रा समेत संबंधित अधिकारी और आवेदक उपस्थित रहे। पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी रही, जिसमें ऑनलाइन ई-लॉटरी प्रणाली ने अहम भूमिका निभाई।



