सांसद कालीचरण सिंह ने रेल मंत्री से की मुलाकात

बरवाडीह क्षेत्र में अंडरपास, ओवरब्रिज व ट्रेन ठहराव की मांगें रखीं

सच खबर, बरवाडीह,। चतरा संसदीय क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह ने दिल्ली स्थित कार्यालय में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर बरवाडीह क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उठाया। उन्होंने अंडरपास, ओवरब्रिज और ट्रेन ठहराव से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।

भाजपा नेता एवं प्रखंड के पूर्वी क्षेत्र के जिप सदस्य कन्हाई सिंह और दीपक तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सांसद कालीचरण सिंह ने बरवाडीह पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्ग पर बाबा चौक के समीप ओवरब्रिज निर्माण की मांग की। इसके अलावा बरवाडीह-मंगरा मार्ग पर मंगरा के समीप, मंगरा-केचकी मार्ग पर कंचनपुर गांव के पास, तथा बरवाडीह-छिपादोहर-कुचिला मार्ग पर अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव रखा।

सांसद ने हेहेगड़ा-कुमांडीह रेलवे स्टेशन के बीच गुआ गांव और ऊकामाड़ गांव के पास अंडरपास निर्माण की भी मांग की। उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन के पास बसे लोगों को अंडरपास की सुविधा नहीं होने के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और लोगों को आवाजाही में कठिनाई होती है।

इसके साथ ही उन्होंने कोरोना काल से बंद पड़े छिपादोहर रेलवे स्टेशन पर पलामू एक्सप्रेस का ठहराव पुनः शुरू करने और हेहेगड़ा-कुमांडीह रेलवे स्टेशन के बीच आंटी खेता गांव में हॉल्ट स्टेशन की मांग भी रखी।

रेल मंत्री ने सांसद की सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *