लाभुकों से संवाद, निर्धारित राशन से कम देने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
सच खबर,धुरकी,। धुरकी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विमल कुमार सिंह ने शुक्रवार को जनवितरण प्रणाली (PDS) दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बेली महिल समूह, लाइसेंस संख्या 0816 के जनवितरण दुकान की गहन जांच की।
बीडीओ ने मौके पर मौजूद रजिस्टर पंजी का बारीकी से मिलान किया और लाभुकों से सीधे संवाद कर राशन वितरण की वास्तविक स्थिति जानी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सरकार के दिशा-निर्देशों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए बीडीओ ने कहा कि प्रत्येक लाभुक को प्रति माह निर्धारित 5 किलो से कम राशन किसी भी हालत में नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने सूचना पट, स्टॉक पंजी, भंडार गृह और गोदाम व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और बरसात के मौसम में अनाज को सुरक्षित रखने की विशेष तैयारी रखने का निर्देश दिया।
बीडीओ ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी पाई गई या शिकायत प्राप्त हुई तो दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनवितरण प्रणाली की पारदर्शिता से किसी भी तरह की खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं होगी।
निरीक्षण के दौरान कई ग्रामीण और लाभुक भी मौके पर उपस्थित रहे।
