18 वाहनों पर जुर्माना, 3 वाहन जप्त — ₹2.48 लाख से अधिक वसूला
सच खबर, राँची। जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अखिलेश कुमार के पर्यवेक्षण में शुक्रवार, 22 अगस्त 2025 को दलादली, रिंग रोड और पंडरा क्षेत्र में सघन वाहन जाँच अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना, यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करना और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना था।
इस दौरान कुल 123 वाहनों की गहन जाँच की गई। वाहनों के पथकर, फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (PUC), परमिट, ओवरलोडिंग और चालक अनुज्ञप्ति (ड्राइविंग लाइसेंस) जैसे दस्तावेजों की जाँच की गई।
जाँच में 18 वाहनों में अनियमितताएँ पाई गईं। इनमें अपूर्ण कागजात और ओवरलोडिंग के मामले प्रमुख थे। इन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ₹2,48,950 का जुर्माना वसूला गया। साथ ही, 3 वाहनों को गंभीर उल्लंघन के कारण पंडरा ओपी में जप्त कर सुरक्षित रखा गया है।
जिला परिवहन पदाधिकारी का बयान
डीटीओ श्री अखिलेश कुमार ने कहा—
“हमारा उद्देश्य सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देना और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है। इस तरह के अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से चलाए जाएँगे ताकि सड़कों पर अनुशासन और सुरक्षा बनी रहे।”
परिवहन विभाग की अपील
जिला परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों और मालिकों से अपील की है कि—
- अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें।
- यातायात नियमों का पालन करें।
- उल्लंघन की स्थिति में कठोर कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें।
