लातेहार जिला बल के आरक्षी वीरेंद्र पासवान का होगा ऑपरेशन, समय पर मिला ए पॉजिटिव ब्लड
सच खबर, लातेहार/पलामू। लातेहार जिला बल के आरक्षी वीरेंद्र पासवान का ड्यूटी के दौरान हाथ में गंभीर चोट लगने से खुला फ्रैक्चर हो गया। उनका इलाज पलामू में डॉक्टर अरुण शुक्ला के अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उन्हें ऑपरेशन के लिए ए पॉजिटिव ब्लड की तत्काल आवश्यकता थी।
आरक्षी वीरेंद्र पासवान ने फोन पर पलामू जिला पुलिस मेंस एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विक्रांत दुबे से रक्त की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। पुलिस अधीक्षक रेशमा रमेशन के आदेशानुसार विक्रांत दुबे ने तत्काल पहल करते हुए जिले के रसोईया सनी कुमार से संपर्क किया।
मानवता का परिचय देते हुए सनी कुमार ने बिना देर किए ब्लड बैंक जाकर 1 यूनिट रक्त दान किया। ब्लड उपलब्ध होने के बाद आज शाम में आरक्षी वीरेंद्र पासवान का ऑपरेशन किया जाएगा।
पुलिसकर्मियों ने इसे समर्पण और सामाजिक सहयोग की मिसाल बताया। इस घटना ने पुलिस बल में आपसी भाईचारे और मानवीय संवेदना की मिसाल कायम की है।

