डॉ. कौशल किशोर जायसवाल को मिला ‘ट्री मैन ऑफ इंडिया अवार्ड’

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने किया सम्मानित, 58 वर्षों में 53 लाख पौधों का वितरण कर पर्यावरण धर्म का संदेश

सच खबर, रांची/पलामू। पलामू के लाल, प्रसिद्ध पर्यावरणविद् और ‘वनराखी मूवमेंट’ के प्रणेता डॉ. कौशल किशोर जायसवाल को रांची स्थित होटल चाणक्य बीएनआर में आयोजित भव्य समारोह में ‘ट्री मैन ऑफ इंडिया’ और ‘झारखंड गौरव’ का खिताब प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, चंपई सोरेन और उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर झारखंड के 25 वर्ष पूरे होने पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

डॉ. कौशल किशोर जायसवाल को यह सम्मान वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने संयुक्त रूप से प्रदान किया। सम्मान ग्रहण करते समय उन्होंने अतिथियों को कपूर और थाईलैंड प्रजाति के आम का पौधा समर्पित कर पर्यावरण धर्म का संदेश दिया।

58 वर्षों से निरंतर पर्यावरण सेवा

डॉ. कौशल ने बताया कि पिछले 58 वर्षों में 53 लाख पौधों का निःशुल्क वितरण एवं रोपण किया गया है। इसके अलावा पर्यावरण धर्म व वनराखी मूवमेंट के तहत देश के 25 राज्यों और 165 जिलों समेत नेपाल, भूटान, बर्मा, सिंगापुर, मलेशिया, अज़रबैजान, थाईलैंड, इंडोनेशिया और जापान तक अभियान चलाया गया।
इस वर्ष उन्होंने जापान के टोक्यो से कार्यक्रम का उद्घाटन किया, जहाँ उन्हें और उनकी धर्मपत्नी, डाली पंचायत की मुखिया पूनम जायसवाल को भी विशेष सम्मान से नवाज़ा गया।

पर्यावरण धर्म का संदेश

अपने संबोधन में डॉ. जायसवाल ने कहा—
“यदि प्रदूषण, जल संकट, भीषण गर्मी और जलवायु परिवर्तन को रोकना है तो दुनिया को अपने धर्म के साथ-साथ पर्यावरण धर्म के आठ मूल ज्ञान मंत्रों को भी अपनाना होगा, दूसरा कोई विकल्प नहीं है।”

विशेष उपस्थिति

इस अवसर पर झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की समेत प्रदेश के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *