सच खबर, मेदिनीनगर। समाजसेवी नारायण सत्यार्थी ने पलामू जिला बार एसोसिएशन द्वारा शपथ पत्र का मूल्य एक सौ रुपया बढ़ाकर डेढ़ सौ रुपया किए जाने की निंदा की है। श्री सत्यार्थी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पलामू जिला बार एसोसिएशन गरीब छात्रों एवं मजदूरों का शोषण करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। श्री सत्यार्थी ने कहा कि शपथ पत्र की लागत लगभग दो से तीन रुपये होती है। शपथ पत्र की आवश्यकता गरीब छात्र-छात्राओं और बेरोजगारों को होती है। श्री सत्यार्थी ने पलामू बार एसोसिएशन से आग्रह किया कि शपथ पत्र का दाम कम किया जाए, जिससे छात्र -छात्राओं और बेरोजगार आदि को राहत मिल सके। ज्ञातव्य हो कि पलामू जिला बार एसोसिएशन द्वारा एकाएक शपथ पत्र का मूल्य बढ़ाने से आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इसके पूर्व शपथ पत्र एक 100 रुपये में दिया जाता था। जबकि अब डेढ़ सौ रुपया लिया जा रहा है। मूल्य बढ़ाने से आम लोगों में भी आक्रोश है।