78 बच्चों की जांच, 28 में बीमारी की पुष्टि
सच खबर, रामगढ़। राष्ट्रीय फ्लोरोसिस नियंत्रण कार्यक्रम (NPPCF) के तहत शनिवार को मिडिल स्कूल भरेचनगर, संदी, मांडू में एक दिवसीय जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व सिविल सर्जन डॉ. महालक्ष्मी प्रसाद एवं जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. तुलिका रानी ने संयुक्त रूप से किया।
शिविर में विद्यालय के पानी के सैंपल की भी फ्लोराइड जांच की गई। इस दौरान कुल 78 बच्चों की जांच की गई, जिनमें से 44 बच्चों में लक्षण पाए गए। आगे की जांच में 28 बच्चों में फ्लोरोसिस बीमारी की पुष्टि हुई। जांच का कार्य डॉ. पल्लवी कौशल (जिला कंसल्टेंट), सपना कुमारी (एएएम संदी) और एल.टी. जितेंद्र कुमार की देखरेख में संपन्न हुआ।
शिविर में बच्चों और विद्यालय के स्टाफ को फ्लोरोसिस बीमारी के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। डॉ. पल्लवी कौशल ने बताया कि यह बीमारी प्रायः पीने के पानी में अधिक मात्रा में फ्लोराइड तत्व होने से होती है। इसके अलावा सेंधा नमक, काला नमक और लाल चाय का अत्यधिक सेवन भी इसके खतरे को बढ़ा सकता है।
उन्होंने लोगों को अपने आहार में हरी पत्तेदार सब्जियां, खट्टे फल (संतरा, नींबू, आंवला) और दूध से बने पदार्थ शामिल करने की सलाह दी, जिससे शरीर में फ्लोराइड का जमाव न हो। साथ ही उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल, रामगढ़ में फ्लोरोसिस की जांच निःशुल्क उपलब्ध है।
इस शिविर को सफल बनाने में स्थानीय सीएचओ, सहिया और स्वास्थ्य कर्मियों का विशेष योगदान रहा।
