नई दिल्ली। शनिवार से नवरात्र शुरू हो रहा है। इसे देखते हुए रेलेवे और आईआरसीटीसी की ओर से ट्रेन यात्रियों के लिए सात्विक भोजन और नाश्ते की तैयारी की गई है। यात्रियों को ऑन डिमांड नवरात्र स्पेशल थाली उपलब्ध कराई जाएगी। यह व्यवस्था चौत्र नवरात्र तक मिलेगी। थाली में शाकाहारी भोजन मिलेगा। यहां तक कि बिना लहसुन-प्याज के बना खाना भी परोसा जाएगा। सामान्य नमक की जगह सेंधा नमक का इस्तेमाल किया जाएगा। नवरात्र स्पेशल थाली की कीमत 125 से 200 रुपए के बीच रखी है। मेन्यू में लस्सी, जूस, फलाहारी पकौड़े, सब्जी-पूड़ी, फल, चाय, दूध से बनी मिठाई व मेवे की खीर रहेगी। आईआरसीटीसी दूरंतो-शताब्दी, राजधानी समेत 500 ट्रेनों में यह सुविधा प्रदान कर रही है। टाटानगर स्टेशन पर बुकिंग कराने वाले यात्रियों को फॉर्म में विकल्प भी दिया जा रहा है। नवरात्र स्पेशल थाली का विकल्प टिकट की बुकिंग के साथ चुना जा सकता है। जिन लोगों ने पहले टिकट बुक कराई है और नवरात्र स्पेशल थाली चाहते हैं, वे ई-कैटरिंग या 1323 नंबर पर फोन कर थाली के लिए ऑर्डर दे सकते हैं। रेलवे ने उपवास रखने वाले यात्रियों के लिए नवरात्र स्पेशल थाली की सुविधा दी है।