प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक धमकी भरा ईमेल

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक धमकी भरा ईमेल नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी की मुंबई यूनिट को भेजा गया है। इसमें पीएम को जान से मारने की बात लिखी गई है। इस मेल के बाद एनआइए की नेशनल यूनिट ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। ईमेल करने वाले ने कहा है कि वो आत्महत्या कर रहा है, जिससे इस साजिश का पर्दाफाश ना हो सके। उसने मेल में कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी को वे और उसके लोग मारने के लिए तैयार हैं। इनके पास 20 किलो आरडीएक्स और 20 स्लीपर सेल मौजूद हैं। देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप, यानी एसपीजी की होती है। प्रधानमंत्री के चारों ओर पहला सुरक्षा घेरा एसपीजी जवानों का ही होता है। इस मेल की जानकारी एसपीजी को भी दी गई है। मेल में आगे दो करोड़ लोगों को मारने की बात भी कही गई है। मेल में कितनी सच्चाई और इसे कहां से और किसने भेजा है, एजेंसियां इन सवालों के जवाब तलाशने की कोशिश में जुटी हैं। मेल के मुताबिक, हमले की योजना तैयार हो चुकी है. मेल में कहा गया है कि मेल लिखने वाले के कई आतंकियों से संबंध हैं। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने धमकी भरा ई-मेल खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों को भी भेजा है। जिस मेल आईडी से मेल आया है उसकी जांच जारी है। उसका आइपी एड्रेस ट्रेस कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी की हत्या की साजिश रचने का खुलासा होने के बाद सुरक्षाबलों को अलर्ट कर दिया गया है। एनआइए यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह कोई प्रैंक मेल तो नहीं है। इससे पहले दिल्ली के सीमापुरी इलाके के एक घर से आईईडी मिलने की खबर सामने आई थी। ये मामला बेहद चौंकाने वाला था। एक रिपोर्ट में बताया गया है कि गाजीपुर फूल मंडी में जनवरी महीने में मिला ये विस्फोटक कुल्लू धमाके में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटक के जैसा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *