सच खबर, लातेहार। उपायुक्त के निर्देशानुसार अपर समाहर्ता आलोक शिकारी कच्छप की अध्यक्षता में मिशन इंद्रधनुष के सफ़ल संचालन को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ टास्क फोर्स की बैठक आहूत की गई। बैठक में मिशन इंद्रधनुष की जानकारी देते हुये बताया गया कि मिशन इंद्रधनुष अभियान के तहत दूसरा चरण चार अप्रैल से 11 अप्रैल तक जिले में चलाया जाएगा। समीक्षा के दौरान अपर समाहर्ता ने कहा कि मिशन इंद्रधनुष टीकाकरण अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं छोटे बच्चों का टीकाकरण शत-प्रतिशत किया जाए। इसके साथ ही कोविड-19 वैक्सीनेशन से जो लोग वंचित रह गए हैं उनका भी वैक्सीनेशन कराया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को प्लान बना कर अभियान के तहत कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिशन इंद्रधनुष टीकाकरण अभियान को सफल बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है। अपर समाहर्ता ने निर्देशित करते हुए कहा कि 04 अप्रैल से होने वाले मिशन इंद्रधनुष टीकाकरण अभियान के तहत जिन बच्चों, गर्भवती महिलाओं आदि का टीकाकरण होना है उसे लक्ष्य के अनुरूप पूरा कराया जाए, इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। समीक्षा क्रम में कोरोना जांच कार्य की भी समीक्षा की गई। जिस प्रखंड में कोरोना जांच की गति धीमी है वहां पर कोरोना जांच की गति तेज करने का निर्देश दिया गया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग से संचालित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा कर आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया गया।बैठक में डा नीलमणि,वेद प्रकाश समेत सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी आदि उपस्थित थे’।