सच खबर, मेदिनीनगर। समाहरणालय के सभागार में एक अपै्रल को उपायुक्त शशि रंजन एवं पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिंहा की संयुक्त अध्यक्षता में रामनवमी के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु जिला स्तरीय पदाधिकारियों संग बैठक आयोजित की गई। इस दौरान उपायुक्त शशि रंजन ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को उनके क्षेत्र अंतर्गत हर हाल में शाम छह बजे तक धार्मिक जुलूस को खत्म करवाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार के गाइडलाइन्स के अनुसार रामनवमी में श्रद्धालु 100-100 के ग्रुप में निकल सकते हैं । जहां पर सभी ग्रुप का मिलान होगा,वहां पर भी श्रद्धालुओं की अधिकतम संख्या एक हज़ार से अधिक नहीं होना चाहिये। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को इसका अक्षरशः अनुपालन करवाने की बात कही। उपायुक्त श्री रंजन ने कहा कि सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार जुलूस में रिकॉर्डेड म्यूजिक और डीजे बजाने की मनाही है। उन्होंने कहा की कोई भी जुलूस छोटा हो बड़ा बगैर अनुमंडल पदाधिकारी के अनुमति के नहीं निकलेगा।उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अखाड़ा के अध्यक्ष और सचिव का नाम पता अवश्य रूप से रखने पर बल दियाा। साथ ही बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता को जुलूस के दौरान बिजली सप्लाई बंद करने एवं बिजली तारों को दुरुस्त रखने हेतु निर्देशित किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिंहा ने कहा कि आज के वर्तमान दौर सोशल मीडिया के बीच अधिक बढ़ गयी है ऐसे में सभी थाना प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र अंतर्गत कोई भी धार्मिक आपत्तिजनक कंटेंट वायरल न हो.उन्होंने सोशल मीडिया पर पैनी नज़र रखने की बात कही। एसपी ने आम लोगों से आपत्तिजनक वीडियो,फ़ोटो,मैसेज 9110049366 पर भेजने की भी अपील की है। एसपी श्री सिन्हा ने सभी थाना प्रभारी को धार्मिक स्थलों वाले रूटों पर विशेष पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिये. उन्होंने सभी थाना प्रभारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को आपस में बेहतर समन्वय बनाते हुए जुलूस के रूट का वेरिफिकेशन करने की बात कही.उन्होंने फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को स्टैंड बाय मोड में रखने की बात कही.बैठक में उपरोक्त के अलावे नगर आयुक्त समीरा एस,अपर समाहर्ता सुरजीत कुमार सिंह,सहायक समाहर्ता आशीष अग्रवाल,जिले के तीनों एसडीओ,सभी बीडीओ,सीओ, थाना प्रभारी समेत अन्य उपस्थित रहे।