दिव्यांगता प्रमाणपत्र निर्गत करने हेतु अब तीस अप्रैल तक लगाये जाएंगे विशेष कैंप यूडीआईडी सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगीः उपायुक्त

सच खबर, गढ़वा। उपायुक्त रमेश घोलप की अध्यक्षता में कल देर शाम दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाणपत्र निर्गत करने हेतु जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित विशेष कैंप को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त के कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित उक्त बैठक में जिले से सिविल सर्जन डॉ कमलेश कुमारघ्, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नीतीश कुमार निशांत तथा विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंडों से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी व प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी व एमओआईसी मुख्य रूप से उपस्थित थे। उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को जिले में दिव्यांग जनों तथा दिव्यांग विद्यार्थियों को यूडीआईडी सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान को लेकर गंभीरता पूर्वक कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार के दिशा-निर्देश पर दिव्यांगता प्रमाणपत्र निर्गत करने हेतु प्रतिदिन विशेष कैम्प अब 30 अप्रैल तक लगाये जाएंगे। दिव्यांग कैंप के माध्यम से उस क्षेत्र के अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो इसके लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने स्तर से वृहद प्रचार प्रसार कराना सुनिश्चित करें। अप्रैल माह के अंत में संतोष जनक प्रदर्शन नहीं करने वाले प्रखंडों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी। बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न कैंप में प्रतिनियुक्त चिकित्सकों से भी उनके कार्य प्रणाली के विषय में जानकारी ली तथा उनकी सुविधा के मद्देनजर सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों व एमओआईसी को कैंप में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं मुहैया करने हेतु निर्देशित किया। इसके साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रत्येक कैंप में आवश्यक तकनीकी सामग्रियों के साथ दो कंप्यूटर ऑपरेटर की प्रतिनियुक्ति करते हुए हेल्प डेस्क बनाने का निर्देश दिया, ताकि स्वावलंबन पोर्टल पर निबंधन न होने तथा अन्य तकनीकी खामियों की वजह से दिव्यांग जनों को कैंप से वापस ना जाना पड़े। सिविल सर्जन को प्रत्येक दिन ससमय कैंप शुरू हो यह सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। इस सन्दर्भ में दिव्यांग जनों के वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी करते हुए इससे संबंधित प्रतिवेदन आगामी 2 दिनों के भीतर सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा को उपलब्ध करने का सख्त निर्देश दिया। विदित हो कि दिनांक 1 से 31 मार्च तक विभिन्न प्रखंडों में आयोजित दिव्यांग शिविर में अब तक कुल 1311 व्यक्तियों के दिव्यांगता की जांच कुशल चिकित्सकों के द्वारा की गई है। इसमें से कुल 455 दिव्यांगजनों को जांच कैंप मे जांचोपरांत यूडीआईडी पोर्टल पर पंजीकृत किया गया है। वहीं पोर्टल पर कुल 398 आवेदन सत्यापन हेतु लंबित है। इसके अलावा विभागीय मार्ग निर्देशिका के आलोक में विगत दिनों में जिला स्तर पर ऑफलाइन माध्यम से एकत्रित आवेदनों की कुल संख्या 5099 है, जिन्हें मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के सत्यापन हेतु प्रेषित किया गया है। मुख्य पदाधिकारी के द्वारा इनमें से 1740 आवेदनों को सत्यापित कर दिया गया है शेष प्रक्रियाधीन हैं। तय रूपरेखा के अनुरूप एक अप्रैल को सदर अस्पताल गढ़वा, 2 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडी तथा 5 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रमना व 6 अप्रैल को स्वास्थ्य उपकेंद्र बरडीहा में दिव्यांग कैंप का आयोजन किया जाएगा, ऐसे में अधिक से अधिक लोग इसका लाभ लें। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को 12 प्लस आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं के वैक्सीनेशन कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। जिला शिक्षा अधीक्षक तथा प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को अपने स्तर से विशेष प्रयास करते हुए अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को वैक्सीनेट करने की बात कही गई। इसके साथ ही 15 से 17 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों की दूसरी डोज की वैक्सीनेशन को लेकर भी उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *