सच खबर, रामगढ़। मनरेगा के तहत हो रहे कार्यों को लेकर शनिवार को उप विकास आयुक्त रामगढ़ नागेंद्र कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में जिला समाहरणालय के ब्लॉक बी स्थित सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने मनरेगा के तहत हो रहे कार्यों की जानकारी प्रभारी पदाधिकारी मनरेगा डीआरडीए श्री विजय कुमार से लेने के उपरांत सभी क्षेत्रीय पदाधिकारियों को सहायक अभियंताओं के माध्यम से योजनाओं का निरीक्षण कराते हुए ससमय कार्य पूरा करने का निर्देश दिया वही उन्होंने सभी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधकों को ज्यादा से ज्यादा मानव दिवस सृजित करने एवं लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। रिजेक्टेड ट्रांजैक्शन की समीक्षा के क्रम में उप विकास आयुक्त ने वित्तीय वर्ष 2021-22 में रिजेक्टेड ट्रांजैक्शन की जांच कर जल्द से जल्द सभी लंबित ट्रांजैक्शन पूरा करने का निर्देश दिया वहीं उन्होंने नई योजनाओं का जियो टैग जल्द से जल्द पूरा करा लेने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने रोजगार सेवकों के माध्यम से जॉब कार्ड वेरिफिकेशन का काम समय से पूरा करने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिया। इन सबके अलावा बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने डोभा निर्माण, कुआं निर्माण, बिरसा हरित ग्राम योजना सहित मनरेगा के तहत संचालित अन्य कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक के दौरान प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों सहित अन्य उपस्थित थे।