सच खबर, रामगढ़। आगामी सरहुल व रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन व इस दौरान कोरोना से बचाव हेतु सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन को लेकर शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों सहित अन्य के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से कहा कि सरहुल एवं रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर सभी अधिकारी अपने अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक का आयोजन कर सदस्यों को पर्व के दौरान ध्यान देने योग्य महत्वपूर्ण जानकारियां दें। वही संवेदनशील क्षेत्रों का अधिकारी निरीक्षण कर असामाजिक तत्वों के खिलाफ 107 की कार्रवाई सुनिश्चित करें। विडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन हेतु यह बहुत जरूरी है कि सोशल मीडिया पर विशेष ध्यान दिया जाए। सभी अधिकारी सुनिश्चित करें कि किसी भी क्षेत्र में कहीं भी कोई अफवाह सामने आने पर उस पर त्वरित कार्य किया जाए एवं अफवाह फैलाने वाले के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसी भी क्षेत्र में जबरन चंदा वसूली ना की जाए एवं ऐसा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। पर्व के दौरान जुलूस के आयोजन को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी ने राज्य सरकार द्वारा जारी निम्न दिशा-निर्देशों के अनुपालन के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। धार्मिक जुलूसों को छोड़कर सभी जुलूस निषिद्ध हैं, जिन्हें निम्नलिखित शर्तों के अधीन अनुमति दी गई हैः- धार्मिक जुलूस में व्यक्तियों की संख्या एक सौ से अधिक नहीं होगी। यदि एक स्थान पर अनेक जुलूस एकत्रित होते हैं या जुलूस के स्वागत के लिए व्यवस्था की जाती है तो इस संबंध में अनुमत व्यक्तियों की संख्या एक हजार से अधिक नहीं होगी। धार्मिक जुलूस को शाम 6 बजे तक ही अनुमति होगी। पहले से रिकॉर्ड किया गया संगीत या डीजे बजाना प्रतिबंधित होगा। धार्मिक जुलूस के सभी सदस्य अपने हाथों सैनीटाइज करेंगे और बिना किसी अपवाद के हर समय मुंह और नाक को पूरी तरह से ढककर मास्क पहनेंगे। धार्मिक जुलूस ऊपर वर्णित प्रावधानों के अनुसार ही उपायुक्त या इस संबंध में उनके द्वारा अधिकृत अधिकारी की पूर्व सहमति से ही निकाले जाएंगे।