रांची। रामगढ़ जिले के मांडू प्रखंड अंतर्गत बेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र के लईयो काठीटांड स्थित अजय मेहता के चिमनी ईंट भट्ठे में शनिवार की देर रात हथियारबंद नक्सलियों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान नक्सलियों ने चिमनी भट्ठे के मजदूरों के साथ मारपीट करते हुए काम बंद करने की धमकी दी।
नक्सलियों ने भट्ठा परिसर में खड़े एक जेसीबी मशीन, एक ट्रैक्टर और एक बाइक को आग के हवाले कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद जाते-जाते नक्सलियों ने मजदूरों को धमकी दी कि रविवार से अगर यहां काम होगा तो सभी को गोली मार देंगे।
घटना की सूचना पाकर रविवार को सुबह करीब 10 बजे एसपी प्रभात कुमार, रामगढ़ एसडीपीओ किशोर कुमार रजक, बेस्ट बोकारो ओपी प्रभारी अखिलेश चौबे लइयो पहुंचकर घटना की जानकारी लेने के बाद नक्सलियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दिया है। जिला पुलिस बल व रहावन कैंप के सीआरपीएफ बटालियन नक्सलियों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू करते हुए समीप के झूमरा पहाड़ व जंगल में अभियान चला रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है। रविवार को ईंट भट्ठे के करीब 300 मजदूर काम पर नहीं आए।
बताया गया कि नक्सलियों ने ईंट भट्ठा चलाने के एवज में पांच लाख रुपये की लेवी की मांग की थी। घटना के बावत मजदूरों ने एसपी को बताया कि शनिवार की रात करीब नौ बजे ही 15-20 की संख्या में वर्दीधारी हथियारों से लैश नक्सलियों ने ईंट भट्ठा में धावा बोल दिया। पहले नक्सलियों ने भट्ठा के मुंशी रितीक ठाकुर, रामजी यादव व कालेश्वर मेहता को खोजने लगे। नहीं मिलने के बाद मजदूरों के साथ उनलोगों ने मारपीट करते हुए काम बंद करने की धमकी देते हुए जेसीबी, ट्रैक्टर व बाइक में आग लगा दी।
इस संबंध में एसपी प्रभात कुमार ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। नक्सलियों की गिरफ़्तारी के लिए छापेमारी जारी है। बताया गया कि शनिवार की रात को पूरे जिला-प्रशासन के वरीय अधिकारी टिस्को के एक कार्यक्रम में थे। वहीं कार्यक्रम स्थल से करीब 10 किमी दूर नक्सली यहां घटना को अंजाम देने में लगा था।