सच खबर, रामगढ।़ 15वें वित्त आयोग के तहत जिला स्तरीय समिति की बैठक का आयोजन शनिवार को उपायुक्त रामगढ़ सुश्री माधवी मिश्रा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में किया गया। मौके पर उपायुक्त ने अध्यक्ष जिला परिषद श्री ब्रह्मदेव महतो, अध्यक्ष नगर परिषद युगेश बेदिया एवं उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा सहित समिति के अन्य सदस्यों के साथ 15 वे वित्त आयोग द्वारा आवंटित राशि से संबंधित कार्य योजना बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उपायुक्त ने जिला परिषद द्वारा 4 स्वास्थ्य केंद्र एवं 1 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने को लेकर चर्चा के दौरान निर्माण कार्य हेतु भूमि चिन्हित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। वहीं उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र में 8 जगहों पर पॉलीक्लिनिक का संचालन करने हेतु स्थान चिन्हित करने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उपायुक्त ने सिविल सर्जन को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में लगाए जाने वाले स्वास्थ्य उपकरणों एवं उनके विशेषताओं से संबंधित सूची कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने रामगढ़ जिला अंतर्गत 11 स्वास्थ्य उप केंद्रों एवं 1 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर के रूप में विकसित करने हेतु आवश्यक कार्यवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में सिविल सर्जन, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस, डीपीएम एनएचएम, सहायक जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।