सच खबर, मेदिनीनगर। रामनवमी पर्व के जुलूस के दौरान जुलूस के रूट में कहीं भी ईट,गिट्टी,व पत्थर न रहे, यह सुनिश्चित करें। साथ ही जुलूस वाले मार्गों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखें। वहीं कंट्रोल रूम में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी चौबीसों घंटे सीसीटीवी से मिलने वाले फीड का लगातार मॉनिटरिंग करें।यह निर्देश उपायुक्त शशि रंजन ने दिया।वे शनिवार को एनआईसी के सभागार से वर्चुअल माध्यम से विधि-व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे।एनआईसी के सभागार में उपायुक्त के अलावा पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा सहायक समाहर्ता आशीष अग्रवाल अपर समाहर्ता सुजीत कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे, जबकि वर्चुअल मोड से सभी एसडीओ,एसडीपीओ,बीडीओ,सीओ व थाना प्रभारी जुड़े थे। बैठक में उपायुक्त ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को उनके क्षेत्र अंतर्गत में तैनात सभी मजिस्ट्रेट व उनके साथ प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों की जॉइंट ब्रीफिंग करने की बात कही, ताकि कहीं भी कोई अप्रिय घटना होने पर उसका त्वरित रुप से निराकरण किया जा सके। उन्होंने कहा कि मजिस्ट्रेट,पुलिस पदाधिकारी व वरीय अधिकारी के बीच कहीं भी कम्युनिकेशन गैप नहीं होना चाहिये। उन्होंने किसी भी अप्रिय घटना होने पर अपने वरीय पदाधिकारियों को तत्काल सूचित करने की बात कही। उन्होंने सभो बीडीओ व सीओ को आवश्यकतानुसार थाना प्रभारियों को बाइक उपलब्ध करवाने पर बल दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने सभी एसडीपीओ से क्यूआरटी टीम उनके यहां रिपोर्ट की है या नहीं इसकी जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने सभी क्यूआरटी को स्टैंड बाय मोड में रखने की बात कही। प्रत्येक थानों में बाइक स्क्वायड तैयार रखने की बात कही, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संकीर्ण गलियों में भी पेट्रोलिंग की जा सके.उन्होंने आवश्यकतानुसार संवेदनशील स्थानों पर फिक्स्ड बैरिकेडिंग व ड्राप गेट लगाने पर बल दिया।