यूडीआईडी कार्ड एवं कोरोना टीकाकरण अभियान के कार्यो की उपायुक्त ने की समीक्षा

सच खबर, रामगढ़। दिव्यांगों को यूडी आईडी कार्ड निर्गत करने एवं 12 से 17 वर्ष तक की आयु के बच्चों के कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत हो रहे कार्यों की शनिवार को उपायुक्त रामगढ़ सुश्री माधवी मिश्रा ने समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा की। इस दौरान सबसे पूर्व उपायुक्त ने सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार से अब तक रामगढ़ जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में 12 से 17 वर्ष तक के बच्चों को उपलब्ध कराए गए कोरोना के टीके की जानकारी ली। कार्यों पर असंतोष व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने सिविल सर्जन, डीआरसीएचओ, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों सहित अन्य अधिकारियों को कार्यों को गंभीरता से लेने एवं जल्द से जल्द बच्चों को टीका उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके लिए उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों के माध्यम से विद्यालयों एवं बच्चों से संबंधित सूची संबंधित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को उपलब्ध कराते हुए जल्द से जल्द सभी योग्य बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया वहीं उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। दिव्यांगों को यूडीआईडी कार्ड निर्गत करने के तहत हो रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने मार्च महीने से अब तक किए गए कार्यों की जानकारी कार्यपालक दंडाधिकारी सह प्रभारी सहायक निदेशक डॉ मोहम्मद आबिद हुसैन से लेने के उपरांत जिला समाज कल्याण पदाधिकारी एवं डीपीएम जेएसएलपीएस को उनके क्षेत्रों में ज्यादा से ज्यादा दिव्यांगों को यूडी आईडी कार्ड निर्गत करने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया वही उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों के माध्यम से विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों का भी दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान उपायुक्त ने दिव्यांगों के प्रमाण पत्र के लिए आयोजित किए जा रहे शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों का प्रमाण पत्र बनाने का निर्देश दिया। मौके उप विकास आयुक्त, अध्यक्ष जिला परिषद, अध्यक्ष नगर परिषद, सिविल सर्जन, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस, सहायक जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, डीपीएम एनएचएम सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *