सच खबर, गढ़वा। समाहरणालय के सभागार में प्रत्येक सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जिसमें उपायुक्त ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू होते हैं। शुक्रवार को जनता दरबार में ग्राम- पुतुर, पोस्ट- कटहर कला, थाना- धुरकी के 92 ग्रामीणों ने उपायुक्त को आवेदन देकर जन वितरण प्रणाली के विक्रेता डीलर की मनमानी करने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि डीलर के द्वारा उन्हें नियत समयावधि के भीतर तथा सही माप तौल पर राशन नहीं दिया जाता है। उपायुक्त ने तत्काल ही प्रखंड विकास पदाधिकारी सगमा से बात की और उन्हें मामले की जांच करते हुए 7 दिनों के भीतर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं, ग्राम- महुपी, जिला- गढ़वा निवासी देवेंद्र पाल ने खरीदी हुई भूमि का उप समाहर्ता, भूमि सुधार, गढ़वा के आदेश के बाद भी अंचल अधिकारी, गढ़वा द्वारा नामांतरण नहीं करने के संबंध में शिकायत की। उन्होंने उपायुक्त से इस संदर्भ में विचार करते हुए यथोचित आदेश पारित करने का आग्रह किया। अगले फरियादी बघमनवा निवासी सरधा कुंवर ने मानसिक रूप से विकलांग बेटे के इलाज हेतु उसे रांची रेफर करने तथा अन्य सुविधाएं मुहैया कराने के संदर्भ में अनुरोध किया, जिस पर उपायुक्त ने सिविल सर्जन गढ़वा को मामले को संज्ञान में लेते हुए और संभा मामलों को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को इसके समाधान का निर्देश दिया। दो अन्य फरियादी पानपति देवी, तथा सविता देवी ने राशन कार्ड में नाम जुड़वाते हुए बीमारी से इलाज हेतु आयुष्मान भारत के तहत गोल्डन कार्ड का लाभ दिलाने का आग्रह किया। इस पर उपायुक्त ने जिला आपूर्ति कार्यालय के कर्मचारी तथा सदर अस्पताल के कर्मचारी को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए 2 दिनों के भीतर उन्हें राशन कार्ड में नाम जोड़कर गोल्डन कार्ड उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया। फरियादी बिनको टोप्पो ने उपायुक्त से सरूवत पहाड़, टेहरी (बड़गड़) के खराब पड़े पांच चापाकलों की मरम्मति कराने अथवा नया डीप बोर कराकर जल संकट से निजात दिलाने के संदर्भ में अनुरोध किया। जिस पर उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल को जल्द से जल्द उक्त खराब पड़े चापाकलों की मरम्मति करवाने का निर्देश दिया। इसके अलावा जनता दरबार में भूमि विवाद से जुड़े मामले राशन कार्ड बनवाने, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, आवास योजना का लाभ दिलाने समेत अन्य विषयों से जुड़े कुल 82 आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए इस संदर्भ में आवश्यक कार्रवाई कर नियत समयावधि के भीतर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया।