राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान आयोग के सदस्य प्रो. डॉ शाहिद अख्तर ने किया रामगढ़ जिले का दौरा

सच खबर, रामगढ़ः शुक्रवार को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान आयोग, भारत सरकार के सदस्य प्रोफ. डॉक्टर शाहिद अख्तर ने रामगढ़ जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा, जिले के अधिकारियों एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान डॉ अख्तर ने उपायुक्त रामगढ़ सुश्री माधवी मिश्रा, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों से अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों के लिए किए जा रहे कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं के माध्यम से में उन्हें दिए जा रहे लाभ की जानकारी ली, जिसके उपरांत उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान आयोग द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं आयोग के उद्देश्यों से अवगत कराया। मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी कई योजनाएं चला रही हैं, जिनका लाभ अगर सही तरीके से लिया जाए तो अल्पसंख्यक वर्ग को काफ लाभ हो सकता है। लेकिन ग्रामीण व सुदूरवर्ती क्षेत्रों में जानकारी का अभाव होने के कारण योजनाएं धरातल पर नहीं पहुंच पा रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर अल्पसंख्यक वर्ग के शैक्षणिक संस्थानों द्वारा रचनात्मक तरीके से एवं वैज्ञानिक पद्धति का इस्तेमाल करते हुए बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराई जाए तो इसमें कोई दो राय नहीं कि आने वाले समय में हमारा देश काफी प्रगति करेगा। सरकार की कई योजनाओं के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों में अल्पसंख्यक वर्ग के शैक्षणिक संस्थानों में साइंटिफिक तरीके से बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। मौके पर उन्होंने रामगढ़ में अल्पसंख्यक वर्ग के शैक्षणिक संस्थानों के बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही शिक्षा की जानकारी लेते हुए उसे और भी रचनात्मक बनाने के संबंध में कई आवश्यक निर्देश दिए। सरकार द्वारा संचालित प्री मैट्रिक, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, बेगम हजरत महल छात्रवृत्ति सहित अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों के लिए अन्य योजनाओं की जानकारी देने के क्रम में माननीय सदस्य डॉ शाहिद अख्तर ने उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा एवं जिला कल्याण पदाधिकारी से छात्रवृत्ति योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार करने एवं योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए प्रखंडों में शिविर आयोजित कर ज्यादा से ज्यादा योग्य बच्चों को लाभान्वित करने की अपील की। बैठक के दौरान माननीय सदस्य ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों से संस्थानों के संचालन के दौरान उनके समक्ष आ रही समस्याओं की जानकारी ली वहीं उन्होंने सभी को नियमित रूप से जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ संपर्क में रहने एवं योजनाओं का लाभ लेने के संबंध में कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी विकास शाखा, कार्यपालक दंडाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला नियोजन पदाधिकारी, सहायक जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *