आपदा से आहत परिवारों को ससमय सहायता राशि दें, विलंब करने वालों पर होगी कार्रवाईः उपायुक्त अबु इमरान

सच खबर, चतराः जिलास्तरीय आपदा प्रबंधन की समीक्षात्मक बैठक उपायुक्त चतरा श्री अबु इमरान की अध्यक्षता में की गयी। बैठक में उपायुक्त ने निदेश दिया कि अतिवृष्टि से हुए फसल नुकसान एवं मकान मरम्मती की अनुदान की राशि का भुगतान जल्द से जल्द किया जाय। उन्होंने कहा कि गत दिनो जिले के जलाशयों में डूबने से मृत व्यक्ति के परिजनों को भी अविलंब राशि का भुगतान किया जाय। उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों को भी निदेश दिया कि अग्निकांड में हुए नुकसान के लिए उप आबंटित राशि का भी भुगतान कर इसका उपयोगिता प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया जाय। उन्होंने वज्रपात से हुए जनमाल क्षति के एवज अनुग्रह अनुदान की राशि को भी जल्द से जल्द भुगतान करने का निदेश दिया। उपायुक्त ने सख्त निर्देश दिया कि आपदा से संबंधित लंबित भुगतान का निबटारा जल्द से जल्द कर लिया जाय। लाभुकों को ससमय लाभ की राशि प्राप्त हो यह सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने गत कोविड-19 महामारी के संक्रमण से मृतक ब्यक्ति के परिजनों को भी चिन्हित कर अविलंब राशि का भुगतान करने का निदेश दिया।साथ ही उपायुक्त ने सभी अंचलवार उप आबंटित आपदा प्रबंधन की राशि की समीक्षा करते हुए निदेश दिया कि वितरित की गयी राशि की उपयोगिता प्रमाण पत्र अविलंब उपलब्ध कराएं। बैठक में जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी(दक्षिणी),अनुमंडल पदाधिकारी चतरा, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया, जिला भूअर्जन पदाधिकारी,सिविल सर्जन, पुलिस अधीक्षक, सभी अंचलाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *