डिस्ट्रिक्ट लेवल इंप्लीमेंटेशन एंड मॉनिटरिंग कमिटी के बैठक में उप विकास आयुक्त ने छूटे हुए सभी किसानों का पंजीकरण कराने का निर्देश दिया

सच खबर, रामगढ़ः शुक्रवार को जिला समाहरणालय सभा कक्ष में उप विकास आयुक्त, रामगढ़ नागेंद्र कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में केंद्रीय प्रायोजित योजना ‘कंप्यूटराइजेशन ऑफ पैक्स’ हेतु डिस्ट्रिक्ट लेवल इंप्लीमेंटेशन एंड मॉनिटरिंग कमिटी के बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान सर्वप्रथम जिला सहकारिता पदाधिकारी रामगढ़ द्वारा उपस्थित सभी को जानकारी दी गई की इस योजना अंतर्गत जिले के 141 पैक्सों को कंप्यूटराइज्ड किया जाना है। जिसके अंतर्गत प्रथम फेज़ में विभिन्न मापदंडों के आधार पर 37 पैक्सों का चयन किया गया है। योजना के तहत प्रत्येक पैक्स में कम से कम 2 प्रतिनिधियों को कंप्यूटर का प्रशिक्षण दिया जाना है। इस संबंध में उप विकास आयुक्त श्री सिन्हा ने कहा कि जो भी पैक्स उक्त योजना के लाभ हेतु मापदंडों पर खरे नहीं उतरे हैं वे अपनी संरचनाओं को दुरुस्त करने हेतु प्रस्ताव समिति के समक्ष रखें; ताकि अगले फेज़ में उनका चयन किया जा सके। इस दौरान समिति के समक्ष वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए प्रस्तावित 5 मेट्रिक टन के सौर ऊर्जा चलित 2 मिनी कोल्ड रूम का निर्माण करने हेतु प्रस्ताव रखा गया। जिसमें 5 मेट्रिक टन के सौर ऊर्जा चलित 2 मिनी कोल्ड रूम स्थापित करने को लेकर समिति के सदस्यों द्वारा चर्चा के उपरांत महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। साथ ही श्री सिन्हा ने सभी पैक्स के प्रतिनिधियों को धान अधिप्राप्ति हेतु छूटे हुए सभी किसानों का पंजीकरण कराने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान विधायक प्रतिनिधियों, अधिकारियों सहित विभिन्न पैक्सों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *